भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय की 154 वीं जयंती पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद किया और कहा कि मालवीय जी ने भारतीय जनमानस में संकल्प और आत्मविश्वास जगाया। इस साल के अपने अंतिम साप्ताहिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में पीएम मोदी ने कहा कि महामना ने आधुनिक शिक्षा को एक नई दिशा दी।
मन की बात में प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी दो दिन पहले ही, मालवीय जी की तपोभूमि बनारस में मुझे विकास के कई कार्यक्रमों का शुभारंभ करने का मौका मिला। मैंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर रिसर्च संस्थान का शिलान्यास किया है।
सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्द्धन सिंह ने ट्वीट महामना को उनके जन्मदिन पर याद किया। उन्होंने कहा कि बीएचयू के संस्थापक महामना मदन मोहन मालवीय ने सत्यमेव जयते के नारे को लोकप्रिय बनाया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने महामना को देशभक्ति और आत्मत्याग की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा देशभक्ति और आत्मत्याग की अद्वितीय प्रतिमूर्ति एवं एक महान शिक्षाविद भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय जी की जयंती पर उनको नमन ।
वहीं बड़ी संख्या में बीएचयू में पढ़े और अन्य लोग भी ट्विटर पर महामना को याद कर रहे हैं।