पीएम नरेंद्र मोदी 26-27 सितंबर को वाराणसी आ सकते हैं। स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले यूथ कन्वेंशन में पीएम को आमंत्रित किया गया है। रामकृष्ण मिशन होम ऑफ सर्विस लक्सा की ओर से भेजा गया आमंत्रण प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्वीकार कर लिया है।
रविवार को वाराणसी के लक्सा स्थित मिशन कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर स्वामी वरिष्ठानंद और कोआर्डिनेटर देवाशीष दास ने यह जानकारी दी। बताया कि युवाओं को विवेकानंद के बताए गए संदेशों के बारे में जागरूक करना आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। पांच दिवसीय आयोजन के तहत 11 सितंबर से कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे।
11 सितंबर के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के चेयरमैन पद्मश्री प्रो. बिबेक देबरॉय शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. टीएन सिंह होंगे।
स्वामी वरिष्ठानंद और देवाशीष दास ने बताया कि 12 और 13 सितंबर को व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जबकि 19 को सर्वधर्म सम्मेलन और 26-27 सितंबर को यूथ कन्वेंशन होगा। कहा कि मिशन की ओर से यूथ कन्वेंशन में मुख्य अतिथि के लिए प्रधानमंत्री को जो न्यौता भेजा गया था, वह स्वीकार हो गया है। उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री कन्वेंशन में आएंगे।