प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार की देर रात बाबतपुर एयरपोर्ट से बरेका गेस्ट हाउस जाते समय सवा किलोमीटर पैदल चल कर फुलवरिया फोरलेन का निरीक्षण किए थे। इसका हवाला देते हुए शुक्रवार को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब लोग सोते हैं, उस समय प्रधानमंत्री जाग कर उनकी सुविधाओं के बारे में सोचते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री का काशी में उस समय आगमन हुआ है, जब 500 वर्षों के वनवास के कालखंड को समाप्त कर अयोध्या धाम में प्रभु राम विराजमान हुए हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और प्रयास से संयुक्त अरब अमीरात में पहला हिंदू मंदिर बना है। गत सप्ताह ही उसका लोकार्पण कर प्रधानमंत्री काशी आए हैं।
करखियांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 वर्ष में काशी को प्रधानमंत्री ने 45 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। जो कभी नहीं हुआ, वह उन्होंने कर दिखाया। प्रधानमंत्री ने काशी का नया कलेवर वैश्विक मानचित्र पर प्रस्तुत किया है। 600 करोड़ की लागत से बनी बनास डेयरी के बहाने गोमाता की रक्षा होगी और हमें पुण्य व आशीर्वाद भी प्राप्त होगा।