जो बाइडन को दिया गया तोहफा
- फोटो : ANI
पीएम ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को चीनी मिट्टी के अद्वितीय उत्पादों के लिए प्रसिद्ध बुलंदशहर की ‘प्लेटिनम पेंटेड हैंड पेंटेड टी सेट’ भेंट कर स्थानीय हुनर को वैश्विक पटल पर नई पहचान देने का काम किया है। उन्होंने जर्मनी के चांसलर ओलफ शोल्ज को मुरादाबाद का नक्काशीदार मटका दिया। इस तरह से वैश्विक पटल पर पीतल नगरी की चमक बिखेरने में सफलता मिली। इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्राघी को आगरा में निर्मित मार्बल इनले टेबल टॉप उपहारस्वरूप दिया। निजामाबाद की सुप्रसिद्ध काली मिट्टी के बर्तन जापान के प्रधानमंत्री को भेंट किए।
लकड़ी से बना राम दरबार
- फोटो : अमर उजाला
कला, संस्कृति और धर्म की नगरी काशी का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंज रहा है। जर्मनी में जी-7 सम्मेलन में काशी के जीआई उत्पादों में शामिल गुलाबी मीनाकारी और काष्ठ कला ने चमक बिखेरी है। इन उपहारों के जरिये पीएम मोदी ने एक बार फिर काशी की संस्कृति, कला और विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। काशी के राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त कलाकारों ने इन्हें अपने हाथों से तैयार किया है।
18 दिन में तैयार हुआ राम दरबार
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को उपहार में दिया गया राम दरबार ओमप्रकाश शर्मा और उनके परिवार ने तैयार किया है। चार पीढ़ियों से एक इंच से लेकर सात फीट तक के लकड़ी के उत्पाद तैयार करने के लिए यह परिवार प्रसिद्ध है। गूलर की लकड़ी से बिना किसी मशीन के इस्तेमाल से उत्पाद पूरी तरह हस्तनिर्मित है। कलाकृति में प्रमुख पात्र श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण, बजरंगबली और जटायु हैं। इसे बनाने में 18 दिन का समय लगा। इसका ऑर्डर यूपी हैंडक्राफ्ट के जरिये दिया गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को उपहार में दी गई गुलाबी मीनाकारी की मांग देश के अलग-अलग हिस्सों में है। इसे राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त रमेश कुमार विश्वकर्मा के परिवार ने 16 दिन में तैयार किया है। काशी के जीआई उत्पादों के विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत बताते हैं कि इससे पहले भी पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति की पत्नी ब्रिजेट मैक्रों को गुलाबी मीनाकारी के झुमके भेंट कर चुके हैं।
काशी की इस कला के बिल क्लिंटन भी मुरीद हैं। हैदराबाद में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में वह काशी के श्याम दास और उनके पिता राम जी प्रसाद द्वारा बनाए गए गुलाबी मीनाकारी के शतरंज के कायल हो गए थे। यहीं नहीं भैरव गली निवासी अमरनाथ वर्मा को अबुधाबी के शेख ने न्योता देकर अपने यहां बुलाया और अपने सिंघासन में गुलाबी मीनाकारी करवाई।
जीआई उत्पादों के ब्रांड एंबेसडर हैं पीएम
डॉ. रजनीकांत ने बताया कि प्रधानमंत्री हर अंतरराष्ट्रीय दौरे पर जीआई उत्पादों को तोहफे में भेंट करते हैं, जिसकी वजह से कारोबार बढ़ा है। इसका पूरा श्रेय पीएम को जाता है। वह एक तरह से जीआई उत्पादों के ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य कर भारत की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।