प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र के क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों का विरोध कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सबसे ज्यादा विरोध कैंट, रोहनिया और शिवपुर विधानसभा सीटों पर हो रहा है। शुक्रवार को कैंट क्षेत्र से भाजपा के घोषित सौरभ श्रीवास्तव के विरोध के शहर के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए।
विज्ञापन
इस पोस्टर में खुद को कैंट विधानसभा क्षेत्र का मतदाता बताने वाले एक व्यक्ति ने वाराणसी से सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे निर्वतमान विधायक ज्योत्स्ना श्रीवास्तव के बेटे को हटा दें। इस पोस्टर में आरोप लगाया गया है कि सौरभ श्रीवास्तव एक भूमाफिया, व्यभिचारी, अहंकारी व्यक्ति हैं।
कहा कि सौरभ श्रीवास्तव का परिवार पिछले 27 सालों से विधायक है लेकिन उपलब्धि के रुप में बताने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी से सवाल किया कि क्या सचमुच इस परिवार को झेलना भाजपा के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की बेबसी है ?
विज्ञापन
इससे पहले दो विधानसभा क्षेत्रों कैंट और रोहनिया के अलावा शिवपुर क्षेत्र के प्रत्याशी बदलने के लिए बुधवार को प्रदर्शन हुए। इस बीच भाजपा प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।
कैंट प्रत्याशी सौरभ श्रीवास्तव का टिकट बदलने के लिए कार्यकर्ताओं ने रवींद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और पीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यहां विनीत सिंह, दीपक राय, जय प्रकाश शर्मा, अंकित चतुर्वेदी, अरुण चौबे, रवि पांडेय, चंदन चौबे, अंकित तिवारी आदि मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं का आरोप योग्य उम्मीदवारों को टिकट नहीं मिला
भाजपा प्रत्याशी के विरोध में लगा पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला
उधर, रोहनिया प्रत्याशी सुरेंद्र नारायण औढ़े का टिकट बदलने के लिए डीरेका जलालीपट्टी में कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। प्रदर्शन में रविंद्र पटेल, दासी पटेल, महेंद्र पटेल, राजेश गुप्ता, मयंक यादव आदि शामिल थे। रोहनिया से टिकट के दावेदार मनीष कुमार सिंह ने कहा कि सूची में युवाओं की अनदेखी की गई है। कार्यकर्ताओं के हित में वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
शिवपुर विधानसभा प्रत्याशी अनिल राजभर को बदलने की मांग के लिए चांदमारी बाजार में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का पुतला फूंका। सत्यनारायण दूबे और आनंद मिश्रा के नेतृत्व में यहां अंबरीष पटेल, चंदन तिवारी, रोहित मिश्र, जितेंद्र उपाध्याय,रमेश राजभर आदि शामिल रहे।
इसी दौरान पंडित दीनदयाल मंडल सेक्टर वार्ड नंबर 67 के कार्यकर्ताओं ने दक्षिणी से दादा को टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। नाराजगी जताने वालों में विजय पांडेय, विक्की कुमार, सूरत पांडेय, बाबू पांडेय, सोनू पांडेय, संजय पांडेय आदि शामिल रहे।
भाजपा अल्पसंख्यक महिला मोर्चा चेतगंज की बैठक में शहनाज फातिमा ने कहा कि दक्षिणी सीट से किसी योग्य उम्मीदवार को टिकट दिया जाना चाहिए। बैठक में अभिषेक श्रीवास्तव, कल्लू चौरसिया, दुर्गा चौरसिया, विपिन गुप्ता, कमलेश कुमार, सौरभ आदि शामिल रहे।
भाजपा नेता सुजीत सिंह टीका ने फेसबुक पर लिखा है कि पांच लाख मतदाता, पचास हजार सदस्य, पांच सौ सक्रिय कार्यकर्ता में एक भी कार्यकर्ता को टिकट नहीं दिया। उत्तरी विधानसभा में पार्टी को कोई योग्य उम्मीदवार नहीं मिला।