प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात फोर्स को एडीजी जोन से बताई ड्यूटी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान अपने ड्यूटी प्वाइंट पर सजगता के साथ तैनात रहें। यह निर्देश देते हुए पुलिस लाइन में एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की आड़ में आम आदमी के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
वीवीआईपी के जाने और यातायात व्यवस्था सामान्य होने तक कोई ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा। वहीं, बाबतपुर एयरपोर्ट, वाजिदपुर स्थित जनसभा स्थल और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थल एसपीजी के अधिकारियों के सुरक्षा घेरे में है। एडीजी जोन ने कहा कि फोर्स का ध्यान आमजन की गतिविधियों पर होना चाहिए। संदिग्ध प्रतीत होने वालों से नाम और पते की तस्दीक तुरंत की जाए। इस दौरान आईजी विजय सिंह मीना, एसएसपी आनंद कुलकर्णी, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फोर्स की ब्रीफिंग के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से वाजिदपुर होते हुए रामनगर तक पीएम की डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल किया गया। इस दौरान कुछेक स्थानों पर फ्लीट को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। फ्लीट के ग्रैंड रिहर्सल के बाद सेना के तीन हेलीकाप्टर ने बाबतपुर एयरपोर्ट से रामनगर स्थित हेलीपैड पर टच एंड गो का रिहर्सल किया। उधर, शाम में एडीजी सुरक्षा विजय कुमार ने पुलिस लाइन में राजपत्रित अधिकारियों के साथ पीएम की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में डी-ब्रीफिंग की।
पीएम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मिर्जापुर से आया सिपाही रितेश सिंह (33) पुलिस लाइन में ड्यूटी कार्ड लेने के दौरान गश खाकर गिर पड़ा। आनन-फानन मेें रितेश को दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार रितेश का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था इस वजह से उसे इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है।
संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग
रविवार शाम से देर रात तक रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, गंगा घाटों, होटलों, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउसों और लॉज में पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वालों से पूछताछ कर उनके नाम-पते की तस्दीक की गई। वहीं, क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और उनकी टीम दोनों कार्यक्रम स्थल के आसपास के इलाकों में गश्त करती रही।
प्रधानमंत्री मोदी के जनपद आगमन के दौरान मंगलवार दोपहर बाद रामनगर और हरहुआ क्षेत्र में रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। मरीजों और शव वाहन रूट डायवर्जन के प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। साथ ही, 12 नवंबर को सभी वाहन पास निरस्त रहेंगे।
रामनगर स्थित बंदरगाह पर पीएम मोदी के कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से चंदौली की तरफ जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहनों को डाफी टोल प्लाजा से पहले बायीं लेन में रोका जाएगा। हल्के वाहन बायीं लेन से चंदौली की ओर जा सकेंगे। चंदौली की तरफ से आने वाले हल्के वाहन कटेरिया मोड़ के आगे से कट से दाहिनी लेन से डाफी तक आएंगे।
इसी तरह पीएम मोदी के बाबतपुर एयरपोर्ट से वाजिदपुर जाने के 10 मिनट पहले सभी वाहन बाबतपुर चौकी चौराहा पर रोक दिए जाएंगे। तरना पुल के नीचे से कोई भी वाहन बाबतपुर की तरफ और भेलखा मोड़ तिराहा से कोई भी वाहन हरहुआ की तरफ नहीं जाएगा। वाजिदपुर मेंपीएम मोदी की सभा के दौरान वाराणसी की तरफ से बाबतपुर जाने वाले वाहन तरना फ्लाईओवर, हरहुआ फ्लाईओवर के नीचे से बायीं सर्विस लेन से जाएंगे। हरहुआ फ्लाईओवर के ऊपर से कोई भी वाहन नहीं जाएगा।
बाबतपुर पुलिस चौकी से शहर की तरफ आने वाले समस्त वाहन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से एक घंटे पूर्व तक निर्धारित सर्विस लेन से जाते रहेंगे। प्रधानमंत्री की सभा के प्रारंभ होने के एक घंटे पूर्व से बाबतपुर पुलिस चौकी चौराहे से शहर की तरफ आने वाले वाहन शगुनहा मोड़ से बाएं मंगारी तिराहा, पलहीपट्टी, ऐढ़े होते हुए सिंधौरा रोड, चांदमारी चौकी होकर शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री के रामनगर और वाजिदपुर स्थित कार्यक्रम के लिए 11 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। रिंग रोड पर भेलखा मोड़ के पास, हरहुआ से रिंग रोड के मध्य पंचक्रोशी रोड पर मां शारदा बिल्डिंग के पास खाली खेत में, हरहुआ से रिंग रोड के मध्य पंचक्रोशी रोड के हरहुआ लिंक रोड पर खाली खेत में वाहनों को खड़ा किया जाएगा। इसी प्रकार हरहुआ से रिंग रोड के मध्य पंचक्रोशी मार्ग पर, डूई बाबा के पास, हरहुआ मेन रोड पर सुबोध आश्रम, कृषक इंटर कॉलेज ग्राउंड में रिंग रोड मोड़ के पास, कार्यक्रम पंडाल के दाएं तरफ खेत में वाहन खड़े होंगे। इसी प्रकार रामनगर कार्यक्रम के दौरान पार्किंग स्थल एनएच-2 के नीचे खाली स्थान पर रहेगा।