ऐसा बहुत कम ही देखने को मिलता है कि चुनावी प्रचार के लिए प्रमुख दलों के सबसे बड़े सितारे एक ही दिन एक ही शहर में हों। मगर, इस बार ऐसा हो रहा है। चार मार्च को पीएम मोदी , राहुल गांधी, अखिलेश यादव और मायावती वाराणसी में होंगे।
यह दिन वाराणसी पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती भरा दिन होगा। इस दिन जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस उपाघ्यक्ष राहुल गांधी, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती होंगी। इसमें राहुल गांधी और अखिलेश यादव रोड शो करेंगे।
इन नेताओं के रोड शो और जनसभाओं में भीड़ उमड़ेगी। सभी को कार्यक्रम की अनुमति देना और सुरक्षा की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती है।
विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के रण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी में लंबा वक्त देंगे। पहले चार मार्च, फिर पांच मार्च को वह काशी से पूरे पूर्वांचल को मथेंगे। चार मार्च के प्रस्तावित आगमन का प्रोटोकाल प्रशासन के पास आ गया है।
इस दिन पीएम नौ घंटे यहां रहेंगे। प्रचार अभियान के साथ ही वह बाबा विश्वनाथ और बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगे। अभी पांच मार्च का प्रोटोकाल नहीं आया है।
प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका होगा जब पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ और बाबा काल भैरव के दरबार में जाएंगे। इसकी तैयारियां प्रशासन के साथ ही पार्टी स्तर पर भी तेज कर दी गई हैं। पीएम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक करेंगे और फिर काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगे।
चार मार्च के तय मिनट टू मिनट कार्यक्रम के तहत पीएम चार मार्च की दोपहर 12:20 बजे दिल्ली से बाबतपुर एयरपोर्ट आएंगे। यहां से हेलीकाप्टर से जौनपुर 12:55 बजे पहुंच जाएंगे।
वहां जनसभा को संबोधित करने के बाद 2:45 बजे बीएचयू हेलीपैड पर आएंगे। बीएचयू गेस्ट हाउस में कुछ देर विश्राम के बाद पीएम चार बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर रवाना होंगे। 55 मिनट पूजा-अर्चना करेंगे। फिर वहां से 5:30 बजे कालभैरव मंदिर रवाना होंगे।
वहां भी पूजन-अर्चन के लिए 55 मिनट का समय निर्धारित है। यहां से 6:45 बजे पीएम काशी विद्यापीठ के लिए रवाना होंगे। वहां जनसभा को संबोधित करने के बाद रात 9:20 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली रवाना होंगे।