इसी साल माॅरीशस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया था सर्वोच्च नागरिक सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मार्च में माॅरीशस गए थे। वहां प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन से सम्मानित किया था। प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले भारतीय थे। मोदी ने वहां बेल का पौधा भी लगाया था।
2020 में भारत की ओर से माॅरीशस की सुप्रीम कोर्ट की बिल्डिंग बनाकर उन्हें दी गई थी। स्वास्थ्य और सामुदायिक केंद्र जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट में भारत ने निवेश किया। सिविल सर्विस कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य सामाजिक प्रोजेक्ट का पीएम मोदी ने शिलान्यास किया था।
माॅरीशस में चल रहे मेट्रो एक्सप्रेस प्रोजेक्ट पर भी भारत की ओर से काम किया जा रहा है। रक्षा और सुरक्षा मामलों की बात करें तो माॅरीशस के पास कोई कोई स्थायी सेना नहीं है, ऐसे में भारत उसकी सुरक्षा का अहम साझेदार है। भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड वहां के समुद्री क्षेत्र की निगरानी, हाइड्रो ग्राफिक सर्वे और प्रशिक्षण में मदद करते हैं।
भारत ने अगेलेगा द्वीप पर एयरस्ट्रिप और जेट्टी भी तैयार करवाई है। अगस्त 2025 में भारत ने माॅरीशस को 10 इलेक्ट्रिक बसें सौंपीं थीं ताकि शहरी परिवहन को बढ़ावा मिल सके। कोविड के दौर में भी भारत ने दवाइयां और टीके, यहां तक कि कोविड-19 वैक्सीन भी ‘वैक्सीन मैत्री’ अभियान के तहत उपलब्ध कराई थी।
देखेंगे पूर्वांचल का झूला, मयूर और धोबिया नृत्य
एयरपोर्ट पर शहर के नागरिक और स्कूली बच्चे हाथों में भारत और माॅरीशस के राष्ट्रीय ध्वज लेकर स्वागत करेंगे। पूर्वांचल से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। माॅरीशस के प्रधानमंत्री नदेसर के ताज होटल में ठहरेंगे। झूला, मयूर और धोबिया नृत्य से उनका स्वागत होगा।
पूर्वांचल के प्रमुख लोकगीत कजरी, बिरहा, सोहर, चैती और कहरवा की प्रस्तुति दी जाएगी। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। होटल में वाराणसी सहित पूरे प्रदेश के जीआई और ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
पीएम के जन्मदिन पर 100 करोड़ रुपये का उपहार देने की तैयारी: काशी में आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मदिन पर करीब 100 करोड़ की योजनाओं का उपहार काशीवासियों को देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नगर निगम, जलकल, जल निगम के अलावा अन्य विभागों से प्रस्ताव मांगा गया है।
पीएम के जन्मदिन पर सीवर, पेयजल, सुंदरीकरण, पौधरोपण, लाइटिंग आदि से जुड़े नए कार्य का उपहार काशी की जनता को समर्पित करने की तैयारी की जा रही है। जिसका लाभ आम जनता को मिलेगा। कई योजनाओं की सूची फाइनल कराई जा रही है। इसके लिए सभी से प्रस्ताव मांगे गए हैं।
सड़कों पर लग रही झाड़ू, डिवाइडर की हो रही सफाई, सीवर के ढक्कन खोलकर देख रहे
माॅरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन को ध्यान में रख शहर के सुंदरीकरण का काम किया जा रहा है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने मंगलवार को गोदौलिया से जंगमबाड़ी जाने वाले मार्ग पर झाड़ू लगाकर सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। सीवर के ढक्कन खुलवाकर देखे। अधिकारियों से नजर रखने को कहा। मार्ग पर कहीं भी सीवर ओवरफ्लो न हो पाए।
मेयर ने नागरिकों से कहा कि नगर निगम की ओर से की जा रही सफाई में सहयोग करें। घरों का गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में रखें। घरों का कूड़ा सड़कों पर न फेकें। मेयर और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने भ्रमण कर अधिकारियों को निर्देश दिए। युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है।
कूड़े का उठान, सड़कों की दिन में कई बार सफाई, डिवाइडर की सफाई, अवैध विज्ञापनों को हटाया जाना, सड़कों की धुलाई शामिल है। नगर निगम की ओर से बाबतपुर से होटल ताज तक केबल के उलझे तारों को ठीक कराया जा रहा है। सड़कों चौराहों पर आकर्षक पेंटिंग, गमलों की सजावट युद्धस्तर पर हो रही है।
पीएम की सुरक्षा में तैनात होंगे 8 आईपीएस 45 डीएसपी और 2100 पुलिसकर्मी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और माॅरीशस के प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान ड्रोन कैमरे पर प्रतिबंध है। सुरक्षा में आठ आईपीएस, 15 एएसपी, 45 डीएसपी, 30 इंस्पेक्टर, 350 दरोगा, 50 महिला एसआई, 2100 कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, 200 महिला कांस्टेबल, 15 कंपनी पीएसी और 2 कंपनी आरएएफ होगी। मंगलवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने फोर्स को पुलिस लाइन में ब्रीफ किया। पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न हो।
मुख्य सचिव, डीजीपी ने की समीक्षा
प्रभारी मुख्य सचिव दीपक कुमार और डीजीपी राजीव कृष्ण मंगलवार को काशी पहुंचे। अफसरों के साथ माॅरीशस के प्रधानमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। सभी स्थानों पर जाकर व्यवस्थाएं देखीं और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मुख्य सचिव व डीजीपी ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर हैलीपैड व्यवस्था, द्विपक्षीय वार्ता स्थल होटल ताज और पुलिस लाइन हैलीपैड का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन, एप्रन और रनवे टर्न पैड देखा। मंडलायुक्त एस राजलिंगम और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने तैयारियों की जानकारी दी।