फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी का सोमवार को वाराणसी के होटल गेटवे के नदेसर पैलेस में शाही अंदाज में स्वागत कर खाना परोसा गया। गोल्ड प्लेटेड बर्तन में खाना पेश किया गया। दोनो नेताओं का सबसे पहले नारियल पानी के साथ स्वागत किया गया।
एक्सक्यूटिव शेफ अनूप गुप्ता ने वेज और नॉनवेज दोनों तरह के खाने का प्रस्ताव भेजा। मेहमान की तरफ से टेंपल कुकिंग खाना परोसने को कहा गया। इमैनुएल, मोदी सहित 16 सदस्यों ने किया लंच किया। इमैनुएल मौक्रों को पीएम मोदी हर व्यंजन के बारे में बताते रहे।
उन्हें सबसे पहले केले के पत्ते पर बनारसी चाट पेश किया गया। इसके बाद खाने में आलूदम बनारसी, दही दार लौकी, मूंग की दाल, बनारसी कढ़ी पकौड़ी, हरे चने की छलिया, बैंगन की कलौंजी, सलाद, गोभी मटर की तहरी, फुलका, मिस्सी रोटी, आलू पापड़, साबूदाने का पापड़, लाल मिर्च अचार, आंवले का मुरब्बा और मसाला छाछ पेश किया गया।
खाने के बाद मीठे में गाजर का हलवा, केशरिया रसमलाई, फल पेश किया गया। फ्रांस के राष्ट्राध्यक्ष और पीएम मोदी ने खाने के बाद लाइट कॉफी भी ली। दोनों नेताओं समेत डेलीगेशन के सदस्यों ने लजीज खाने की प्रशंसा की।