फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बतौर सांसद कार्यकर्ताओं से मिलेंगे पीएम

Thu, 22 Dec 2016 02:25 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
पीएम मोदी
विज्ञापन

विज्ञापन
डीरेका मैदान पर गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी बतौर सांसद 26 हजार बूथ कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री उन्हें विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर दिशा-निर्देश के साथ ही कैशलेस लेन-देन का तरीका भी सिखाएंगे। पार्टी के 17 मंडलों से डीरेका पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए 26 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। पीएम मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे। संवाद कार्यक्रम की गोपनीयता के मद्देनजर मीडिया को प्रवेश नहीं दिया गया है। पार्टी के चार सौ कार्यकर्ताओं की टीम ब्लॉक में व्यवस्था संभालने के लिए मुस्तैद होगी।  संवाद में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं को प्रवेश कार्ड जारी किए गए हैं। कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण और डीएम योगेश्वर राम मिश्रा ने पीएम के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।


प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में छह केंद्रीय मंत्री मौजूद रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, इसी विभाग की राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, नागरिक उड्डयन, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री महेश शर्मा, मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर, इसी महकमे के राज्यमंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय बीएचयू में पीएम के साथ रहेंगे। केंद्रीय वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी डीरेका में पीएम के साथ रहेंगी। सभी केंद्रीय मंत्री प्रधानमंत्री के साथ दोनों कार्यक्रम स्थलों पर भी मौजूद रह सकते हैं। प्रकाश जावडेकर को छोड़कर सभी मंत्री बुधवार देर शाम वाराणसी पहुंच गए थे। स्मृति ईरानी शाम छह बजे स्पाइस जेट के विमान से बाबतपुर पहुंचीं।
विज्ञापन



राज्यपाल राम नाईक गुरुवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पीएम की अगवानी करेंगे। एयरपोर्ट पर सीएम अखिलेश यादव के प्रतिनिधि के रूप में सूबे के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी मौजूद रहेंगे। पीएम के वाराणसी से प्रस्थान करते समय भी त्रिपाठी एयरपोर्ट पर रहेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर चार हेलीकॉप्टर बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। बुधवार को हवाई अड्डे के एप्रन से बाहर सड़क तक पीएम की फ्लीट का रिहर्सल हुआ। फ्लीट में 15 वाहन शामिल थे।
विज्ञापन



डीरेका में पीएम के संवाद के मद्देनजर भाजपा बूथ कमेटी की बैठक में कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश जारी किए गए। संवाद में पीएम कार्यकर्ताओं के साथ ही खाना खाएंगे और उनसे संवाद करेंगे। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और भोजन व्यवस्था के संयोजक सुरेश सिंह ने बताया कि संवाद में उन्हीं कार्यकर्ताओं को प्रवेश मिलेगा जो अपने साथ अपने घर का बना हुआ खाना लेकर आएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें