रेल कर्मचारियों की नई पेंशन योजना सहित तमाम मांगों के लिए केंद्र सरकार ने चार महीने का समय मांगा है। हम छह महीने का वक्त देते हैं। अगर तब तक रेल कर्मचारियों के हित में फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन की डुगडुगी फिर बज उठेगी। यह बात नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र ने शनिवार को पत्रकारों को दी। वह नर्मू के युवा मंडल सम्मेलन में शिरकत करने आए थे।
इसके साथ ही महामंत्री ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि केंद्र सरकार यूनियन के साथ समझौता करेगी। उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारियों के बच्चों का एजुकेशन एनाउंस 3000 और हॉस्टल सब्सिडी 10 हजार रुपये जो ब्रेक हो गया है उसे रिस्टोर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रनिंग स्टाफ को जो भी भत्ते मिलते रहे हैं उसपर रेलवे यूनियन के साथ बैठकर ही सरकार को निर्णय लेना होगा। साथ ही एजुकेशन एलाउंस को आयकर से मुक्त रखने की मांग भी उठाई गई है। सम्मेलन में 16 शाखाओं के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की ओर से एक दिवसीय युवा मंडलीय सम्मेलन का आयोजन उत्तर रेलवे के सामुदायिक केंद्र में हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने रेल संगठन को मजबूत बनाने के आह्वान के साथ समस्याआें पर चर्चा की।
इसका उद्घाटन रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने किया। इस दौरान रेल राज्यमंत्री से यह मांग की गई कि एक जनवरी 2004 के बाद नियुक्त रेलकर्मियों को भी पेंशन देने की व्यवस्था लागू की जाए। कार्यक्रम की शुरुआत में सम्मेलन में आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र, भाजपा विधायक रवींद्र जायसवाल, एमएलसी केदार नाथ सिंह, नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष एसके त्यागी ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम एके लाहोटी, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के डीआरएम सतीश के कश्यप, सीटीएम रवि प्रकाश चतुर्वेदी, केंद्रीय सहायक मंत्री डीएन चौबे, जोनल सेक्रे टरी डॉ. प्रदीप शर्मा, लखनऊ मंडल के मंडल मंत्री आरके पांडे, केंद्रीय उपाध्यक्ष एसयू शाह, मंडल मंत्री उपेंद्र सिंह, कन्हैया लाल गुप्ता, रेलवे मेंस यूनियन लखनऊ मंडल के शाखा मंत्री सीपी शुक्ला, डीके सिंह, लियाकत अली जाफरी, हीरा लाल, राजेंद्र श्रीवास्तव, सीपी सिंह, मदन गोपाल मिश्र, अमित शर्मा, एपी पटेल, पारस नाथ, एसके द्विवेदी, सुधीर तिवारी, एसके वाजपेई, संतोष कुमार यादव व युवा जोनल संयोजक मनोज श्रीवास्तव मौजूद रहे।
समारोह में आने वालों का स्वागत लखनऊ मंडल के अध्यक्ष राजेश सिंह ने किया है। संचालन सुधीर तिवारी तथा जोनल संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने किया।