Varanasi News: पिंडरा महोत्सव 2026 में कवयित्री अनामिका अंबर की रचनाओं ने पूरे माहौल को भक्ति और देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। इस दौरान उनकी प्रस्तुति के बीच तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव 2026 का रविवार को समापन हुआ। उत्सव के अंतिम दिन कवयित्री अनामिका अंबर की रचनाओं ने पूरे माहौल को भक्ति और देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। मंच पर आते ही श्रोताओं ने उनसे यूपी में का बा की मांग की। इसे उन्होंने पूरे जोश के साथ प्रस्तुत किया।
विज्ञापन
अपनी कविताओं से पाकिस्तान को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा, ठिकाने से रहना वरना सारे ठौर ले लेंगे, दिया था जो जिन्ना को वो सब ले लेंगे। इस पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जय श्रीराम के उद्घोष और सनातन संस्कृति पर आधारित उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खड़े होकर झूमने पर मजबूर कर दिया।
महोत्सव के समापन समारोह में कविताओं के साथ संगीत का भी जादू चला। सुर संग्राम विजेता मोहन राठौर, गायिका निशा उपाध्याय, वीरेंद्र भारती और गोपाल राय जैसे नामचीन कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
लाभार्थियों को मिले उपकरण और ई-रिक्शा
जन सशक्तीकरण अभियान के तहत जिला दिव्यांग विभाग ने 167 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और कान की मशीन जैसे सहायक उपकरण वितरित किए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाभार्थियों को 20 लाख रुपये का ऋण, 51 महिलाओं को सिलाई मशीन और पांच लोगों को ई-रिक्शा प्रदान किए गए। मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु ने इन योजनाओं से गरीबों और वंचितों को मुख्यधारा से जोड़ने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।