कान में दर्द होने के बात कहते हुए पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया। पांच दिन में दूसरी बार ऐसी स्थिति आई है। इस दौरान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। तब दिल्ली से 5.30 घंटे बाद दूसरा पायलट आया और उड़ान भरी। एयरलाइंस के कर्मचारियों के अनुसार, पायलट उड़ान भरने को तैयार था। कान में अचानक दर्द होने लगा और घबराहट भी हो रही थी।
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बार फिर इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6559 के पायलट ने ड्यूटी से इन्कार कर दिया। इससे वाराणसी से बंगलूरू जाने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ा। पांच दिन में दूसरी बार ऐसी स्थिति सामने आई जब पायलट ने विमान उड़ाने से इन्कार कर दिया।
विज्ञापन
पायलट ने कान में दर्द बता कर उड़ान भरने से मना कर दिया। इस दौरान 178 यात्री विमान में बैठे थे। जानकारी मिलते ही यात्रियों ने हंगामा किया। 5.30 घंटे बाद दिल्ली से आए पायलट ने बंगलूरू के लिए उड़ान भरी।
इस महीने ऐसी दूसरी घटना है। इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6559 को सोमवार सुबह 11:55 बजे वाराणसी से बंगलूरू के लिए रवाना होना था। बोर्डिंग पास जारी होने के बाद यात्री सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया (एसएचए) से जांच की सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विमान में सवार हो गए। तभी पायलट ने उड़ान भरने से मना कर दिया।
विज्ञापन
यात्रियों का कहना था कि पायलट की तबीयत खराब थी तो इसकी जानकारी उन्हें विमान में सवार कराने से पहले दी जानी चाहिए थी। कुछ यात्रियों की एयरलाइंस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई।
यात्रियों को विमान से डी-बोर्ड कराकर टर्मिनल भवन में बैठाया गया। तत्काल सीआईएसएफ की क्यूआरटी व अन्य अधिकारी पहुंचे। विमानन कंपनी की ओर से ऑफिशियल व्हॉट्सएप ग्रुप पर पायलट की मांग की गई।
इसके बाद पायलट दूसरे विमान से वाराणसी पहुंचा। विमानन कंपनी की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद पायलट को उड़ान भरने की अनुमति दी गई। शाम 5 बजे विमान ने बंगलूरू के लिए उड़ान भरी।
मेडिकल टीम ने पायलट को अनफिट बताया
एयरलाइंस के कर्मचारियों के अनुसार, पायलट उड़ान भरने को तैयार था। कान में अचानक दर्द होने लगा और घबराहट भी हो रही थी। पायलट ने तत्काल इसकी सूचना दी। इसके बाद मेडिकल टीम ने जांच की और पायलट को अनफिट बताया। विमानन कंपनी की ओर से तत्काल दूसरे पायलट की व्यवस्था की गई और यात्रियों को बंगलूरू भिजवाया गया।
पिछली बार अहमदाबाद से बुलाया गया था दूसरा पायलट
10 सितंबर को भी इंडिगो की वाराणसी-मुंबई उड़ान 6ई-6544 भी प्रभावित हुई थी। उस दिन भी पायलट ने उड़ने भरने से पहले ड्यूटी से मना कर दिया था। पायलट की तबीयत मुंबई में ही खराब थी। पायलट ने छुट्टी के लिए ईमेल किया था। जिसका अप्रूवल वाराणसी पहुंचने पर मिला तो उसने उड़ान भरने से मना कर दिया। उस दिन अहमदाबाद से दूसरे विमान से पायलट को वाराणसी बुलाया गया और चार घंटे की देरी के बाद विमान मुंबई रवाना हुआ था।
पायलट की तबीयत अचानक खराब हुई। कान में दर्द और घबराहट हो रही थी। चिकित्सकों ने जांच में अनफिट बताया। दूसरे पायलट की व्यवस्था करने में समय लगा। सभी यात्रियों को शाम 5 बजे उसी विमान से बंगलूरू भिजवाया गया। सोनू कुमार, प्रभारी स्टेशन हेड, इंडिगो