वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर दर्दकान हादसा हुआ। खड़े ट्रक में पीछे से पिकअप घुस गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक दुद्धी के कटौली गांव के निवासी थे।
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर सुकृत क्षेत्र के चहलवा में बुधवार भोर करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पिकअप चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसे की सूचना मिलने पर सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए सीएचसी मधुपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सद्दाम पुत्र वसीम और रविंद्र पुत्र अमरजीत के रूप में हुई है। दोनों दुद्धी क्षेत्र के कटौली गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।