वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय कार्यभार ग्रहण करने बाद तीसरे दिन से ही एक्शन मोड में हैं। मंगलवार को उन्होंने चार साल से बंद शोध प्रवेश परीक्षा के आवेदन ऑनलाइन करने के निर्देश जारी कर दिए।
कार्यवाहक कुलपति ने विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्षों से शोध में रिक्त सीटों का ब्योरा मांगा है। कुलपति ने बताया कि माह के अंत तक शोध प्रवेश परीक्षा के आवेदन ऑनलाइन कर दिए जाएंगे। बता दें कि विश्वविद्यालय में शोध प्रवेश परीक्षा वर्ष 2017 में हुई थी। इसके बाद अब तक नहीं हो सकी।
कुलपति ने कार्यभार ग्रहण के बाद वन-टू-वन सभी संकायाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों से वार्ता की थी। संज्ञान में आया कि विश्वविद्यालय में 2017 के बाद से शोध प्रवेश परीक्षा नहीं कराई गई है। इसको उन्होंने गंभीरता से लिया।
मंगलवार को छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. रामपूजन पांडेय से रिक्त सीटों का ब्योरा विभागों से तैयार करवाने का निर्देश दिया। साथ ही तिथि निर्धारित कर शोध प्रवेश परीक्षा का विज्ञापन करवाने का भी सुझाव दिया। जिसके बाद इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।