तेजी से बदल रहा मौसम लोगों की सेहत पर इस कदर असर डाल रहा है कि लगभग हर घर में एक से दो लोग वायरल फीवर की चपेट में हैं। किसी को तेज बुखार, जोड़ों में दर्द है तो कोई सर्दी, जुकाम और पेट संबंधी बीमारी से ग्रसित है। बीमारी किस कदर बढ़ी है, इसका अंदाजा अस्पतालों में हर दिन बढ़ती जा रही भीड़ को देख लगाया जा सकता है। अस्पतालों के वार्ड भी मरीजों से फुल हो गए हैं। साथ ही पैथालॉजी में भी जांच के लिए लंबी कतार लग रही है। डॉक्टरों के मुताबिक इस समय जरा सी लापरवाही सेहत के लिए भारी पड़ सकती है।
वाराणसी जिले में डेंगू का संक्रमण बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की चुनौतियां बढ़ गई हैं। शुक्रवार को भी एक महिला समेत चार नये मरीज मिले हैं। जिसके बाद जिले में कुल मरीजों का आंकड़ा 121 पहुंच गया। इधर सरकारी अस्पतालों के ब्लड बैंक समेत आईएमए ब्लड बैंक पर भी प्लेटलेट्स की मांग बढ़ गई है। मंडलीय और जिला अस्पताल से औसतन 15 से 20 यूनिट और आईएमए से 50 यूनिट से अधिक प्लेटलेट्स की आपूर्ति रोज की जा रही है।