देश भर के अभ्यर्थियों की भारी मांग पर बीएचयू ने पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) मॉपअप राउंड की घोषणा कर दी है। तीन सितंबर को शाम छह बजे से पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में दाखिले के लिए मॉपअप राउंड शुरू होगा। इसका 2000 रुपया चार्ज होगा, जो कि डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) के रूप में जमा होगा। इस राउंड में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा। इसका आवेदन पत्र वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। दो सितंबर से पीजी एडमिशन कैंसिल की प्रक्रिया बंद हो जाएगी। इसी दिन खाली सीटों का विवरण जारी हो जाएगा।
छह सितंबर को पीजी संबंधित विभाग में फिजिकल रिपोर्टिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। इस दिन रजिस्ट्रार, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय डीडी लेकर अभ्यर्थियों को मॉप अप राउंड के आवेदन के साथ ही जमा करना होगा। आठ सितंबर को दोपहर में मेरिट जारी की जाएगी। 11 सितंबर शाम 5 बजे तक फीस जमा करने का लिंक जारी कर दिया जाएगा। इसके 48 घंटे बाद अंतिम रिजल्ट भी घोषित होगा। इस दौरान सीट मिलने के बाद फीस जमा नहीं की तो उनकी डीडी जब्त कर ली जाएगी।
सिर्फ एक ही राउंड चलेगा मॉपअप
पीजी मॉपअप राउंड में सभी छात्र भाग ले सकते हैं। इसमें जीडीपीआई, प्रैक्टिकल टेस्ट, बी-म्यूज, एम-म्यूज और फिजिकल टेस्ट के माध्यम से प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थी भी आएंगे। मॉपअप में सीट आवंटन का काम सिर्फ एक ही राउंड में पूरा कर लिया जाएगा। इसमें कैंपस अपग्रेड करने का विकल्प नहीं मिलेगा।
रेगलुर या स्पॉट राउंड में सीट लॉक न करने वालों को मौका
बीएचयू पीजीमॉप अप राउंड में पहले से ही रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका मिलेगा। मगर उन्हीं को योग्य माना जाएगा जिन्होंने किसी भी रेगलुर या स्पॉट राउंड में कोई सीट लॉक न किया हो।
इन्हें मिलेगा प्रवेश
- जिन उम्मीदवारों ने अपनी आवंटित सीट रद्द की हो या वापस ले ली हो।
- पिछले राउंड में सीट आवंटन के बाद फीस का भुगतान नहीं किया हो।
- नियमित और स्पॉट राउंड के वेटिंग लिस्ट में शामिल उम्मीदवार।
प्रवेश हो या न हो फीस होगी वापस
यदि अभ्यर्थी को सीट आवंटित हो जाती है और वह ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कोर्स फीस का भुगतान कर देता है तो डीडी वापस कर दी जाएगी। यदि अभ्यर्थी को कोई सीट आवंटित नहीं होती है तो भी डीडी वापस हो जाएगी। मॉपअप राउंड में सीट आवंटन के बाद संबंधित विभाग से डीडी प्राप्त करना उम्मीदवार की ही जिम्मेदारी होगी। यदि उम्मीदवार को सीट आवंटित हो जाती है और वह फीस नहीं जमा करता है तो उसकी डीडी जब्त कर ली जाएगी।