वाराणसी। विधानसभा चुनाव का परिणाम जानने की दिलचस्पी लोगों में खूब रही। न्यूज चैनलों पर प्रसारित हो रहे चुनाव परिणामों को जानने और हार जीत पर राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया सुनने के लिए लोग दिन भर टीवी से चिपके रहे।
बृहस्पतिवार सुबह से ही चुनावी परिणाम जानने के लिए लोगों में उत्सुकता का माहौल था। होटलों व ढाबों पर चल रहे टीवी के सामने लोगों की भीड़ रुझान जानने के लिए जुटी रही। यही घरों में भी रहा। जिनकी पहुंच टीवी तक नहीं हो पा रही थी, उन्होंने सोशल मीडिया का सहारा लिया। अस्सी घाट पर आने वाले पर्यटकों के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। बांसफाटक क्षेत्र में भी एलईडी स्क्रीन पर व्यापारी हार-जीत का आंकड़ा देख रहे थे।