रामनगर। नगर के वार्ड नंबर तीन कोदोपुर में हुए जलभराव के विरोध में लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में लोगों ने कीचड़- पानी में खड़े होकर विरोध जताया और पालिका के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों कहना था कि बार-बार आश्वासन देने के बावजूद भी सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है। सीवर लाइन सड़क के ऊपर ही बिछा दी गई है। नागरिकों की मांग थी कि या तो इस सीवर लाइन का पुनर्निर्माण किया जाए या फिर इसको पूरी तरह हटा ही लिया जाय। प्रदर्शन के बाद पालिकाध्यक्ष के गोलाघाट स्थित आवास जा कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। साथ में चेतावनी दी कि रास्तों का निर्माण नहीं किया गया तो आंदोलन करने के लिए विवश होंगें। प्रदर्शन में रामप्रवेश सिंह, कमला सिंह, अनिल सिंह, राजेश्वर शर्मा, प्रभुनाथ, पवन, संजय, सुधीर, दिनेश, रंजीत, सूचित, धर्मेंद्र, गोलू, प्रिंस, आदि लोग शामिल थे।
---------
गोलाघाट में सीवर जाम होने पर दिया धरना
रामनगर। गोलाघाट मुहल्ले में पिछले एक सप्ताह से सीवर जाम होने पर लोगों ने रविवार को धरना देने के साथ ही गली में आवागमन ही रोक दिया। गोलाघाट में गली के मुहाने पर सीवर जाम हो गया है। लगभग एक सप्ताह से सीवर का पानी गली में जमा था और लोग इसी में से होकर आ जा रहे थे। इस बाबत गली में ही थोड़ी दूर रहने वाली पालिकाध्यक्ष को भी समस्या से अवगत कराया गया था लेकिन कोई कवायद नहीं हुई। इस पर लोगों ने रविवार की सुबह धरना शुरू कर दिया और गली का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया। चूंकि यह गली रामनगर का सर्वाधिक व्यस्त बाई पास है, लिहाजा थोड़ी ही देर में जाम लग गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। बाद में भाजपा के मंडल अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पालिका के सफाई प्रभारी से बात की। इसके बाद सीवर की सफाई का काम शुरु किया।