वाराणसी।
होली की पूर्व संध्या पर ही काशी पर होलियाना रंग चढ़ा नजर आया। कई जगहों
पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसी क्रम में काशी इलेक्ट्रिकल
कंट्रैक्टर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन की ओर से सोनारपुरा के एक लॉज में होली
मिलन समारोह आयोजित किया गया।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्युत
व्यापारियों और संविदाकारों ने अबीर गुलाल लगा, एक दूसरे से गले मिलकर होली
की शुभकामनाएं दीं। रंग, अबीर के साथ गुलाबों की पंखुडि़यों की वर्षा ने
भी पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया।
इस दौरान चैती, फगुआ के अलावा गजल व
होली के फिल्मी गीतों के साथ होली की मस्ती में डूबे रहे।
समारोह का
उद्घाटन दक्षिणी विधायक श्याम देव राय चौधरी ने किया। उन्होंने होली की
शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने का संदेश दिया।
पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरुण केशरी ने व्यापारी एकता को
मजबूत करने का संदेश दिया। प्रांतीय अध्यक्ष श्याम मेहरोत्रा, अध्यक्ष सतीश
कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन महामंत्री कौशल कुमार और धन्यवाद ज्ञापन सुमन
जायसवाल ने किया।
उधर, वाराणसी मोटर्स पार्ट्स डीलर एसोसिएशन की ओर से
नदेसर राजलीला मैदान में होली मिलन समारोह हुआ। पदाधिकारियों ने होली के
रंगों के गुझिया की मिठास का लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर मुन्नी देवी, लियाकत
हुसैन, आशीष जायसवाल आदि मौजूद रहे। चांदपुर स्थित औद्योगिक आस्थान संघ में
हर्ष और उल्लास के साथ होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। संयुक्त आयुक्त
उद्योग उमेश सिंह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। यहां हास्य कवि सम्मेलन के
साथ लोगों ने ठंडई और बनारसी चाट का लुत्फ उठाया।
कवि अशोक अज्ञान और धकाधक
बनारसी के हास्य व्यंग ने लोगों को लोटपोट कर दिया। संचालन पीयूष अग्रवाल
और धन्यवाद ज्ञापन जीतेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम में शिरोमणि तिवारी,
पीसी गुप्ता, विजय शंकर गुप्ता, विपिन अग्रवाल, बीएम सिंह आदि मौजूद थे।