विधानसभा चुनाव में अंतिम चरण के मतदान की तारीख से दो दिन पूर्व शुक्रवार को काशी में प्रधानमंत्री ने रोड शो कर जनता का अभिवादन किया। लोगों ने भी घर की छतों और बालकनी से गुलाब की पंखुड़ियों से पीएम का अभिनंदन किया। मलदहिया से लंका तक रोड शो में पीएम पर कुल 10 कुंतल फूलों की वर्र्षा हुई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने हर हर मोदी के नारे लगाए।
प्रधानमंत्री ने रोड शो की शुरुआत मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से की। जहां से प्रधानमंत्री का काफिला मौदागिन मार्ग से बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचा। पीएम काशी विश्वनाथ का लेते हुए गोदौलिया, सोनारपुरा मार्ग से भदैनी अस्सी होते हुए लंका पहुंचे। इस बीच रास्ते भर लोगाें का हुजूम देखने को मिला। रोड शो से पहले गुलाब की पंखुड़ियों के साथ सड़कों के दोनों ओर खड़े लोग प्रधानमंत्री की झलक पाने को बेताब दिखे। भीड़ में शामिल ज्यादातर लोग भगवा गमछा और भाजपा की टोपी लगाए दिखे। रोड शो में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं ने रास्ते भर हर हर महादेव और मोदी के नारे लगाए। भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, रोड शो की तैयारी एक सप्ताह पहले से हो रही थी। जिसके लिए गुलाब की पंखुड़ियों के भी ऑर्डर पहले ही दे दिए गए थे।
सेल्फी और फेसबुक लाइव करते दिखे लोग
मोदी के रोड शो में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों में भी काफी उत्साह दिखा। इस दौरान रोड शो देखने के लिए सड़कों के किनारे पर खड़े लोग प्रधानमंत्री के काफिले के साथ सेल्फी लेते दिखे। इस दौरान कई लोगाें ने फेसबुक लाइव का भी आनंद लिया।