चंदुआ-छित्तूपुर में दूषित पेयजल आपूर्ति से नाराज लोगों ने किया चक्काजाम।
पेयजल की समस्या से आजिज शहर के विभिन्न इलाकों में नागरिक रविवार को सड़क पर उतर आए। चंदुआ-छित्तूपुर में पांच दिन से दूषित पेयजल आपूर्ति हो रही है। वहीं सीरगोवर्धनपुर में चार माह से पानी की किल्लत है। कई बार शिकायत के बाद भी जलकल विभाग नहीं सुन रहा है। इन इलाकों के लोगों ने चक्काजाम कर नगर निगम तथा जलकल विभाग के विरोध में नारेबाजी की।
चंदुआ-छित्तूपुर में जलनिगम की ओर से सीवेज पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। जेसीबी से पांच दिन पहले पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस दौरान ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। तब से सीवर का पानी पेयजल लाइन से मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। शिकायत के बाद भी नहीं सुने जाने पर लोगों ने सुबह 11 बजे चंदुआ-छित्तूपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। मौके पर सपा नेता डॉ. ओपी सिंह, रीबू श्रीवास्तव और विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव के बेटे सौरभ श्रीवास्तव पहुंचे। इनके आश्वासन पर नागरिकों ने थोड़ी देर बाद चक्काजाम तो खत्म कर दिया लेकिन देर शाम तक विरोध प्रदर्शन करते रहे।
दूसरी ओर सीरगोवर्धनपुर में चार माह से पानी नहीं आने पर संत रविदास मंदिर के समीप भगवानपुर मार्ग पर लोगों ने तीन घंटे तक चक्काजाम किया। लोगों का कहना था कि मंदिर की ओर से पंप के माध्यम से पानी मिल रहा है। जलकल के जेई दीपक पांडेय और आपरेटर महेंद्र पांडेय से शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बीडीसी लालबहादुर यादव का कहना है कि शिकायत की गई तो जेई का कहना था कि सड़क बनाने के दौरान पाइप दब गई है। पीडब्ल्यूडी सड़क खोदने की अनुमति नहीं दे रहा है। लोगों ने कहा कि इस मामले को लेकर सोमवार को वे डीएम के पास जाएंगे। इस दौरान लोगों ने जलकल के अधिकारियों को बंधक बनाने की भी कोशिश की लेकिन मौके पर पहुंची लंका पुलिस ने समझाकर जाम खत्म कराया। बाद में टैंकर से पानी की सप्लाई की गई। इस मौके पर कृपालु शरण यादव, देव नारायण, आशा देवी, मुनिया देवी, हरिशंकर पाल आदि मौजूद रहे।