मिर्जापुर के हलिया, जमालपुर और चुनार थाना क्षेत्र के कई गांवों में बाहर से आने वाले लोगों में सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत होने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल किया, पर किसी में कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिला।
हलिया के ब्लाक मुख्यालय पर शुक्रवार की सुबह दो युवक बाइक से पहुंचे और कोरोना की दवा के बारे में पूछने लगे। इससे ब्लाक में हड़कंप मच गया और बताया कि वे मुंबई से लौटे हैं। उनको सर्दी-जुकाम हुआ है। ब्लाक कर्मी टोल फ्री नंबर पर फोन लगाने लगे तो दोनों बाइक सवार वहां से भाग गए। उधर चुनार कोतवाली क्षेत्र के कालूपुर गांव में छह लोग रिश्तेदारी में आए थे।
बाहर से आने के कारण ग्रामीणों ने उनमें कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका जताते हुए हंगामा किया। इस पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका जांच किया। उनमें कोई लक्षण नहीं मिला। जमालपुर थाना क्षेत्र में दुबई से एक युवक के लौटने पर ग्रामीणों ने उसमें कोरोना वायरस होने की आशंका जताई। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उसकी जांच कर रही है।