वाराणसी। मंडुवाडीह चौराहा मंगलवार की सुबह से दोपहर तक जाम की चपेट में रहा। हाल यह रहा कि बाइक निकालने में लोगों को जूझना पड़ा। सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चौराहा ट्रैफिक से पूरा चोक रहा। इस दौरान स्कूली बच्चे, कांवरिये और एंबुलेंस भी जाम में फं सी रही। मंडुवाडीह पुलिस और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने किसी तरह जाम छुड़ाया।
कांवरियों के गुजरने के दौरान चौराहे पर जाम लगा। चारों तरह से यातायात बाधित होने पर पुलिसकर्मियों ने डायवर्जन और एकल मार्ग के जरिए वाहनों को निकालना शुरू किया। इस दौरान लोगों की एक-दूसरे से नोकझाेंक भी हुई। हालांकि पुलिस की सख्ती के कारण शांत रहे। मंडुवाडीह-महमूरगंज फ्लाईओवर लगे जाम सेे लोगों को काफी परेशानी हुई। दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी से जाम और बढ़ गया था। मंडुवाडीह थाने की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम छुड़ाया।
--------
पार्किंग में नहीं, सड़क पर खड़े हो रहे वाहन
सावन माह में मंडुवाडीह स्टेशन परिसर को पार्किंग बनाया गया है। हालांकि अधिकतर वाहन सड़क पर ही खड़े होते हैं। वहीं, स्टेशन के सामने सड़क पर ठेले और अतिक्रमण से लगी दुकानें यातायात में बाधक बनती हैं। थाने की पुलिस यह सब देखते हुए भी मौन साधे रहती है।