*वाराणसी एयरपोर्ट पर फिर टूटा यात्री का भरोसा, तीन दिन में दूसरी बार क्षतिग्रस्त मिला सूटकेस*
- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद
बाबतपुर। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बैगेज क्षतिग्रस्त मिलने का एक और मामला सामने आया। महज दो दिनों के भीतर यह दूसरी शिकायत होने से एयरलाइन की बैगेज हैंडलिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यह मामला भी इंडिगो एयरलाइंस से जुड़ा है।
नवी मुंबई निवासी आकृति गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बेटी के क्षतिग्रस्त सूटकेस की तस्वीर साझा करते हुए इंडिगो एयरलाइंस से कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी बेटी 26 जून को इंडिगो की फ्लाइट 6ई2442 से नवी मुंबई से वाराणसी पहुंची थी। चेक-इन के समय सूटकेस पूरी तरह सही हालत में था, लेकिन वाराणसी एयरपोर्ट पर बैगेज बेल्ट से प्राप्त होने पर उसका एक कोना बुरी तरह क्षतिग्रस्त और फटा हुआ मिला।
वहीं इससे पहले बृहस्पतिवार 25 जून को भुवनेश्वर से कोलकाता होते हुए वाराणसी पहुंचे हिमांशु ने इंडिगो एयरलाइन पर चेक-इन बैगेज का लॉक क्षतिग्रस्त होने और शिकायत दर्ज करने से इन्कार किए जाने का आरोप लगाया था। हिमांशु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पूरे घटनाक्रम को सार्वजनिक करते हुए एयरलाइन से जांच और मुआवजे की मांग की है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने पीआईआर (प्रॉपर्टी इररेगुलैरिटी रिपोर्ट) और पीएनआर नंबर साझा करने का अनुरोध किया है, ताकि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।