बेगमपुरा, हिमगिरी और अर्चना एक्सप्रेस की सभी श्रेणियों में मिल रहीं सीटें
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। भारत-पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव के माहौल को देखते हुए जम्मू जाने वाली ट्रेनों में आरक्षण कम हो गए हैं। यात्रियों की संख्या घट रही है। बेगमपुरा, अर्चना और हिमगिरी जैसी ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 30 से 40 के बीच आ चुकी है। हफ्ते भर के बाद की ट्रेनों के फर्स्ट और सेकेंड एसी कोच में कंफर्म सीटें मिल रही हैं।
कैंट स्टेशन स्थित मुख्य आरक्षण के पर्यवेक्षकों ने बताया कि मई और जून महीने में जम्मू जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 180 से 200 के बीच में रहती थी, लेकिन इस समय जम्मू की ट्रेनों में बिना कोटा लगे भी सीटें कंफर्म हो जा रही हैं। जालंधर तक ट्रेनों में भीड़ है लेकिन उसे आगे ट्रेनें लगभग खाली चल रही हैं। कैंट रेलवे स्टेशन से रोजाना 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस संचालित होती है। 12355 अर्चना एक्सप्रेस, 12331 हिमगिरी और 22317 हमसफर समेत दो अन्य स्पेशल ट्रेनें संचालित हो रही हैं। सोमवार को जम्मू जाने वाली बेगमपुरा ट्रेन के फर्स्ट और सेकेंड एसी में सीटें खाली हैं। अन्य ट्रेनों में भी सीटें आसानी से मिल जा रही हैं।
टूर ऑपरेटर सुधांशु सक्सेना ने बताया कि जम्मू-कश्मीर जाने का यही सीजन होता था। मां वैष्णो देवी का अधिकतर लोगों ने पहले से बुकिंग करा रखी थी, लेकिन आतंकी घटनाओं को देखते हुए लोगों ने अपने टूर कैंसिल कर दिए। 500 से अधिक लोगों ने टूर की बुकिंग निरस्त कराई है। टूर ऑपरेटर प्रदीप राय ने बताया कि आतंकी घटनाओं को देखते हुए वैष्णो देवी जाने वालों ने अपने टिकट निरस्त कराएं हैं। रेल आरक्षण पर्यवेक्षकों ने बताया कि जम्मू से वाराणसी लौटने वाली नियमित और स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें मिल रही हैं। 15 मई के बाद की ट्रेनों के स्लीपर, एसी में सीटें मिल रही हैं।