Varanasi News: वाराणसी में बन रहे रोपवे स्टेशनों पर यात्री सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां पार्किंग की सुविधा के साथ ही स्वास्थ्य व अन्य सुविधाओं के लिए सर्कुलर प्लान बनाया जा रहा है।
वाराणसी शहर के चार रोपवे स्टेशन के आसपास पार्किंग की सुविधा होगी। इसका सर्कुलर प्लान बनाया जा रहा है। इसमें यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कहा है कि यात्री सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना है। इसमें पार्किंग प्रमुख है।
विज्ञापन
वीडीए की देखरेख में कैंट, रथयात्रा, काशी विद्यापीठ और गोदौलिया रोपवे स्टेशन के लिए सर्कुलर प्लान बनाया जा रहा है। इसके तहत सभी स्टेशन पर मेडिकल रूम और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ रहेगा। प्राथमिक उपचार की सुविधा मिलेगी। एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।
आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम भी रहेंगे। काशी विश्व का तीसरा ऐसा शहर बनने जा रहा है जहां अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए रोपवे का संचालन होगा। देश का पहला रोपवे होगा। कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले यात्री रोपवे से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और दशाश्वमेध घाट तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
कैंट से गोदौलिया तक हर डेढ़ से दो मिनट के अंतराल में यात्रियों को गंडोला उपलब्ध रहेगा। रोपवे का संचालन 16 घंटे होगा। कैंट से गोदौलिया तक 3.85 किलोमीटर की दूरी को 16 मिनट में तय की जा सकेगी। एक घंटे में एक तरफ से तीन हजार लोग यात्रा कर सकेंगे। दोनों तरफ से 6 हजार लोग यात्रा कर पाएंगे।