यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए बने केंद्रों पर मंगलवार देर शाम तक पेपर पहुंच गया है। पारदर्शिता के लिहाज से राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम से निगरानी बढ़ा दी गई है। सुबह से देर शाम तक जिला विद्यालय निरीक्षक की मौजूदगी में परीक्षा कार्यों से जुड़े कर्मचारियों ने केंद्राध्यक्षों से बातचीत कर सुरक्षा, डबल लॉक में पेपर रखने, सीसी कै मरे की निगरानी से जुड़ी जानकारी ली।
जिले में 24 मार्च से चल रही परीक्षा में पांच अप्रैल यानी मंगलवार को कोई परीक्षा तो नहीं थी, लेकिन दिन भर केंद्रों पर बुधवार के परीक्षा की तैयारी चलती रही। सुबह की पाली में हाईस्कूल में अंग्रेजी नए-पुराने पाठ्यक्रम की परीक्षा के साथ ही इंटरमीडिएट फल एवं खाद्य संरक्षण पाक शास्त्र, धुलाई, रंगाई सहित कई विषयों की परीक्षाएं होनी हैं। इस बीच मंगलवार देर शाम तक शहरी और ग्रामीण इलाकों में केंद्रों पर पेपर पहुंच गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने बताया कि सभी केंद्रों पर पेपर पहुंच गए हैं। बलिया में पेपर लीक की घटना के बाद से अधिक सतर्कता बरती जा रही है। केंद्राध्यक्षों को भी किसी तरह की कोई लापरवाही न बरतने और निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।