भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में कहा कि विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास के बाद काशी में कई गुना श्रद्धालु बढ़े।
काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। काशी और देश, दोनों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह बातें बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में कहीं।
विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने निराशा और अविश्वास के माहौल से निकलकर विकास, आत्मविश्वास और सुशासन की नई यात्रा शुरू की है। मोदी सरकार ने केवल नारे नहीं दिए, बल्कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को धरातल पर उतारकर दिखाया है। आज योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
प्रधानमंत्री ने स्वयं को कभी शासक नहीं, बल्कि देश का सेवक बताया और उसी भावना के साथ काम किया। सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ से अधिक आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें से 80 लाख से अधिक आवास उत्तर प्रदेश में दिए गए।
देश में 164 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा
पंकज चौधरी: प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हो चुका है। देश में 164 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। प्रधानमंत्री का सपना था कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज में यात्रा करे और आज यह सपना साकार हो रहा है। देश में स्टार्टअप संस्कृति को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। पहले जहां स्टार्टअप की संख्या सैकड़ों में थी, वहीं आज यह लाखों तक पहुंच चुकी है। देश में पहले जहां केवल आठ एम्स संस्थान थे, वहीं अब इनकी संख्या 20 से अधिक हो चुकी है। देश के लगभग 60 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश में विकसित हुए हैं।
मायावती और अखिलेश सरकार में एक पुल नहीं बन सका
प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क, पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने कहा कि बहन मायावती और अखिलेश यादव की सरकारों में 5-5 साल बीत गए, लेकिन 18 साल में एक भी पुल नहीं बन सका। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में काशी की तस्वीर बदल गई है। गंगा पर रेलवे ब्रिज से लेकर रिंग रोड तक विकास के अनगिनत कार्य हुए हैं।
सरकार की योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाई : पंकज चौधरी
केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर बुधवार को बड़ालालपुर स्थित टीएफसी में सूचना विभाग द्वारा पांच दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इसका शुभारंभ किया।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गत 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव, आधारभूत संरचना, गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केंद्र व राज्य सरकार की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। इस प्रकार के आयोजन युवाओं और आमजन को सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों व विकास कार्यों की जानकारी प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
योजनाओं की दी गई जानकारी
प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं सुशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को आकर्षक एवं तथ्यपरक स्वरूप में प्रदर्शित किया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक निदेशक सुरेंद्र नाथ पाल ने बताया कि प्रदर्शनी 21 जून तक सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेगी।
पीएम मोदी ने खेल संस्कृति को पुनर्जीवित किया: पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रगति पथ यात्रा कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ अभियान के माध्यम से दूर-दराज के गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र काशी के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का आधुनिकीकरण कराया है। अब यहां बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, कुश्ती सहित 21 से अधिक इंडोर खेलों की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। साथ ही, युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है, जिससे काशी और पूर्वांचल के खिलाड़ियों को नई पहचान मिल रही है। कार्यक्रम से पूर्व पंकज चौधरी ने क्रीड़ा अधिकारी से मुलाकात कर स्टेडियम का निरीक्षण किया और इंडोर-आउटडोर खेल सुविधाओं, स्पोर्ट्स लाइब्रेरी, कैफे तथा अन्य आधुनिक व्यवस्थाओं की सराहना की।
मांडवी तालाब से ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से बुधवार को स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रबुद्ध जन संपर्क और प्रगति पथ यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रमों में भाग लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मंडुवाडीह स्थित मांडवी तालाब पर स्वच्छता अभियान चलाया, स्वयं झाड़ू लगाई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। इस दौरान तालाब परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद उन्होंने कैंट विधानसभा क्षेत्र के महमूरगंज में गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों और समाज के प्रतिष्ठित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पद्मश्री चंद्रशेखर सिंह को सम्मानित कर मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों की पुस्तिका भेंट की। इसके अलावा डॉ. एसके. यादव, कुमार अग्रवाल, डॉ. पीके जिंदल, डॉ. इंदु सिंह, डॉ. शिवकुमार सिंह, डॉ. विभा मिश्रा, डॉ. एनपी सिंह, डॉ. आशीष दत्ता और डॉ. अविनाश सिंह के आवास पर जाकर उनसे संवाद किया। इसके अलावा वह महमूरगंज स्थित वरिष्ठ रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा मिश्रा व डॉ. इशिता अवस्थी के घर पहुंचे। उनसे संवाद किया और सरकार की उपलब्धियों वाली किताब उन्हें भेंट की।