वाराणसी में गहमागहमी के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सभी पदों की मतगणना शुरू हो गई है। 8 ब्लॉकों की गिनती 8 स्थानों पर हो रही है। 2 दिनों तक चलने वाली गिनती के बीच 1 बजे से परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर प्रत्याशी और एजेंटों का एंटीजेन टेस्ट कराने ने के बाद मतगणना स्थल में प्रवेश दिया गया।
प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतों की गड्डियां बनाई जा रही हैं। कुछ काउंटर पर गिनती शुरू हो गई जबकि कुछ काउंटर पर अभी कागजातों का मिलान किया जा रहा है। आराजी लाइन के लिए जगतपुर डिग्री कॉलेज और काशी विद्यापीठ के लिए डिवाइन सैनिक स्कूल लहरतारा, सेवापुरी ब्लाक के लिए राजकीय आईटीआई कॉलेज कपसेठी में गिनती हो रही है। बड़ागांव के लिए बलदेव डिग्री कॉलेज, पिंडरा के लिए नारायणी चैलेंजर कान्वेंट स्कूल गंगापुर, हरहुआ के लिए काशी कृषक इंटर कॉलेज, चोलापुर के लिए आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज, चिरईगांव के लिए जयप्रकाश स्नातकोत्तर महाविद्यालय उमरहा में गिनती शुरू हो गई है। पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि सभी जगह शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना चल रही है। विजयी प्रत्याशियों के विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा है।