वाराणसी। बीएचयू में बन रहे अस्थायी कोविड हास्पिटल के संचालन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) अहम भूमिका निभाएगा। अस्पताल में सेना के रिटायर्ड चिकित्सकों का सहयोग तो लिया ही जाएगा, बड़ी संख्या में आईएमए के सदस्य भी सेवा देंगे। इसके लिए एनस्थिसिया, क्रिटिकल केयर स्पेशियलिटी के साथ ही रेडियोलॉजिस्ट, मेडिकल अफसर सहित अन्य अन्य चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण और अस्पतालों में बेड की कमी को देखते हुए सरकार ने डीआरडीओ की मदद से बीएचयू एंफीथिएटर मैदान में 750 बेड का अस्थायी अस्पताल बनाए जाने का निर्णय लिया था। इसमें 500 बेड पर जहां ऑक्सीजन की सुविधा होगी, वहीं वेंटिलेटर वाले 250 बेड पर गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। अस्पताल का काम अब तेज हो गया है।
मरीजों का बेहतर इलाज हो सके और कोई परेशानी न हो, इसके लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने अपने सदस्यों से कहा है कि वे अस्थायी अस्पताल के संचालन में भागीदारी निभाएं। आईएमए अध्यक्ष डॉक्टर मनीषा सिंह और सचिव डॉ. आरएन सिंह ने इसके लिए सदस्यों को आईएमए आफिस में प्रोफार्मा पर अपनी पूरी जानकारी देने की अपील की है, जिससे काम आगे बढ़ाया जा सके।
--
इन पदों पर आईएमए ने मांगा सहयोग
आईएमए अध्यक्ष और सचिव की ओर से सदस्यों से एनएसथीसिया, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ, मेडिकल स्पेशियलिटी, रेडियोलॉजिस्ट, पल्मोनोलॉजिस्ट, जनरल ड्यूटी मेडिकल अफसर के साथ ही अपने सदस्यों से पैरामेडिकल स्टाफ के लिए भी सहयोग मांगा गया है। इसमें ऑपरेटिंग रूम असिस्टेंट, महिला और पुरुष स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन मल्टी टास्किंग स्टाफ और क्लर्कियल स्टाफ की भी तैनाती होगी। अध्यक्ष ने बताया कि सेवा देने वालों को राज्य सरकार के नियमानुसार मानदेय भी दिया जाएगा और इसकी जानकारी सदस्यों को दी जा रही है।
--
अगले सप्ताह से शुरू हो सकता है संचालन
प्रदेश में लखनऊ के बाद वाराणसी में डीआरडीओ की मदद से बन रहे दूसरे अस्थायी कोविड अस्पताल का संचालन अगले सप्ताह (10 मई के बाद) शुरू हो सकता है। बीएचयू एंफीथिएटर मैदान में अस्पताल का ढांचा बनने के साथ ही अब यहां बेड लगाए जाने के अलावा ऑक्सीजन पाइप लाइन लगाने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। साथ ही, यहां मरीजों के इलाज संबंधी जानकारी देने के लिए एक वेटिंग रूम भी बनाया गया है, जिससे कि परिजन वहां बैठ कर मरीजों के बारे में जानकारी हासिल कर सकें। अस्पताल में मरीजों को नि:शुल्क इलाज, जांच, दवा के साथ ही नि:शुल्क भोजन की भी सुविधा होगी।
कोट...
कोरोना महामारी से निपटने में आईएमए के सदस्य बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दे रहे हैं। बीएचयू में अस्थायी कोविड असप्ताल में सेवा के लिए सदस्यों का आह्वान किया गया है। कुछ आवेदन भी आए हैं। आवेदन नियमानुसार स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाएंगे। - डॉक्टर मनीषा सिंह, अध्यक्ष, आईएमए।