आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात दीपक चौहान पुत्र छत्रपाल चौहान घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से जयबहादुर चौहान पुत्र जयराम चौहान ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने दीपक की गर्दन पर वार किया। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं सका और लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हमले की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल दीपक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गर्दन पर गंभीर चोट और हालत नाजुक होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।