वाराणसी। कैंट स्टेशन के यात्री हाल में मंगलवार को एक अर्ध विक्षिप्त ने पीएसी जवान की कारबाइन छीनने की कोशिश की। घटना से हतप्रभ जवानों ने युवक को पकड़ जीआरपी के हवाले किया। हालांकि बाद में पता चला कि वह मानसिक रूप से कमजोर है।
पीएसी जवानों का दल यात्री हाल में ड्यूटीपर था तभी एक युवक घूमते हुए पहुंचा और प्रवेश द्वार से निकलने की कोशिश की तो जवान ने रोक दिया। इस बीच जवान से उलझे युवक ने कारबाइन छीनने की कोशिश की तो जवानों ने पकड़ लिया। हो हल्ला मचने पर जीआरपी इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे भी यात्री हाल पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर थाने लाए। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। प्रयागराज के हंडिया निवासी युवक इंजीनियरिंग का छात्र रह चुका है और एक सप्ताह पूर्व भी घर में आग लगाने की कोशिश की थी। इसके बाद से घर से लापता था, परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया।