वाराणसी। अब बनारसी पान, लौंगलता और तिरंगा बर्फी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मिठास और स्वाद का डंका बजाएंगे। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में पहली बार ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के लिए विशेष फूड कोर्ट तैयार किया जा रहा है। वाराणसी से चार उद्यमियों का चयन किया गया है, जिन्हें यहां निशुल्क स्टॉल मिलेंगे। इस मंच के जरिये काशी के पारंपरिक स्वाद को देश-विदेश के खरीदारों से सीधे जोड़ने की तैयारी है।
इस फूड कोर्ट में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय स्वाद को प्रदर्शित किया जाएगा। वाराणसी के लिए बनारसी पान, लौंगलता और तिरंगा बर्फी का चयन किया गया है। मकसद इन उत्पादों को सिर्फ स्थानीय पहचान तक सीमित रखने के बजाय बड़े बाजार और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाना है। उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि वाराणसी से आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए ओडीओपी योजना के तहत चार उद्यमियों का चयन किया गया है। चारों उद्यमी एक-एक सहयोगी के साथ अपने पारंपरिक उत्पाद लेकर ट्रेड शो में पहुंचेंगे। यहां अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगे। साथ ही देश-विदेश से आने वाले खरीदारों और कारोबारियों से सीधे संपर्क करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने और बड़े ऑर्डर हासिल करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
पान कारोबारी दीपक गुप्ता ने कहा कि यूपीआईटीएस जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन में बनारसी पान को पेश करने से देश-विदेश के कारोबारियों और इवेंट कंपनियों से नए ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। मिठाई कारोबारी अनुज यादव ने कहा कि इससे कारोबार के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। तिरंगा बर्फी कारोबारी चंद्रबली यादव ने कहा कि तिरंगा बर्फी बनारस की खास पहचान है। वहीं, कारोबारी राजीव सिंह ने इसे स्थानीय कारोबारियों के लिए नए बाजार से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।