कांग्रेस का घोषणापत्र आमजन की राय से तैयार होगा। इसके लिए 19 सदस्यीय समिति गठित की गई है। अब तक 18 राज्यों के 280 स्थानों पर यह समिति बैठक कर आम लोगों की राय हासिल कर चुकी है। इसी सिलसिले में पूर्व वित्तमंत्री पी.चिदंबरम शनिवार को वाराणसी पहुंचे। वह मोतीझील में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहर के विभिन्न वर्गों से जुड़े तीन सौ बुद्धिजीवियों से आम घोषणा पत्र के लिए सीधा संवाद करेंगे।
महमूरगंज स्थित मोतीझील में संवाद की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यह खुला मंच होगा जहां किसानों का जमघट लगेगा। पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी इस बैठक में शामिल होंगे जो किसानों की बातों को सुनेंगे। इस बैठक के बाबत लोगों को आमंत्रण भेजा जा रहा है। सभी वर्ग के करीब 300 बुद्धिजीवी लोगों को इस बैठक में शामिल किया जाना है।
बैठक में पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम के अलावा ललितेश पति त्रिपाठी भी मौजूद रहेंगे। वैसे इस कमेटी में इन दोनों के अलावा प्रो. गौड़ा, शशि थरूर, अम्बिका सोनी, सुष्मिता देव, प्रो. मुनगेनकर, सचिन राव समेत कुल 19 सदस्य हैं। इसके बाद 18 जनवरी को किसान महासम्मेलन में किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले आ रहे हैं।