बलिया जिले के बेरूवारबारी सुखपुरा मार्ग पर सोमवार दोपहर रफ्तार का कहर देखने को मिला। शाम चार बजे के करीब बासपली के पास सुखपुरा के तरफ से आ रही तेज रफ्तार टाटा सफारी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। टाटा सफारी ने कई पलटन खाए।
घटना में तीन लोगों की मौत मौके पर हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया है।
बताया जाता है कि शाम को सफारी गाड़ी से बांसडीह क्षेत्र के राजा गांव निवासी रोहित पांडेय (25), सुखपुरा थाना क्षेत्र के पिपरौली निवासी प्रवीण सिंह (30), बलिया कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान गांव निवासी संजय यादव (45), सुखपुरा थाना क्षेत्र के खरीदपुर पचखोरा निवासी अतुल सिंह (24) और भीमपुरा थाना क्षेत्र के जजौली निवासी लक्ष्मी सिंह (17) सुखपुरा की तरफ से बेरुवारबारी की ओर से आ रहे थे।
शाम करीब चार बजे बासपली के पास अंसतुलित होकर पहले पेड़ से जा टकराई और पलट गई। पेड़ से टकराने के बाद हुई आवाज को सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पहुंचे। पलटी हुई सफारी से लोगों ने घायलों को बाहर निकाला।
आलम यह रहा कि मौके पर ही तीन लोग दम तोड़ चुके थे, जबकि अन्य दो लोग जिंदा थे। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तुंरत बेरुवारबारी अस्पताल पर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
हालांकि कुछ देर बाद जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने भी घायलों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतकों में रोहित पांडेय (25) निवासी बांसडीह थाना क्षेत्र के राजा गांव, प्रवीण सिंह (30) निवासी सुखपुरा थाना क्षेत्र के पिपरौली, संजय यादव (45) बलिया कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान गांव शामिल है।
इसके अलावा घायलों में अतुल सिंह (24) निवासी सुखपुरा थाना क्षेत्र के खरीदपुर पचखोरा और लक्ष्मी सिंह (17) भीमपुरा थाना क्षेत्र के जजौली निवासी हैं।