टेलिमेडिसिन सेंटर के सभागार में प्रेसकांफ्रेंस में पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों दिन के आयोजन रोहनिया के होटल लेमन ट्री एवं गोकुल धाम बैंक्वेट हॉल में होगा। सम्मेलन में बीमारियों के उपचार प्रोटोकॉल पर गहन मंथन करने के बाद इसके सुझावों को स्वास्थ्य मंत्रालय, नीति आयोग सहित अन्य जगहों पर भी भेजा जाएगा।
पदाधिकारियों ने बताया कि डायबिटीज, हार्ट अटैक, हीमोफीलिया, डायरिया, दर्द, स्त्री रोग, न्यूरोलॉजी आदि से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते मरीजों, इलाज की वर्तमान विधि और आने वाले दिनों में नई तकनीक के प्रयोग से बेहतर इलाज आदि पर विशेषज्ञ भी अपनी बातों को प्रमुखता से रखेंगे।
मुख्य रुप से सम्मेलन के अलग-अलग सत्रों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार, रिसर्च, ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल, लिपिड डिसआर्डर, विभिन्न बीमारियों के उपचार में नई दवाओं के प्रयोग पर भी बातचीत की जाएगी। प्रेसवार्ता में आयोजन समिति में कोषाध्यक्ष डाॅ. अरुण सिंह के साथ ही डॉ.नीलेश कुमार ने बताया कि उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि बीएचयू कुलपति प्रो.अजित कुमार चतुर्वेदी होंगे।
इस दौरान एपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. जी. नर्सिमुलु, आईएमएस बीएचूय के निदेशक प्रो.एसएन संखवार, एपीआई के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ज्योतिर्मय पाल, यूपी एपीआई के चेयरमैन डॉ. संजय टंडन, चेयरमैन इलेक्ट डॉ. रिचा गिरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान पद्मश्री प्रो. कमलाकर त्रिपाठी एवं प्रो. श्याम सुंदर को चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।