बीएचयू अस्पताल और ट्रामा सेंटर में आने वाले दिनों में ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। आईएमएस बीएचयू की ओर से अब दोनों जगहों पर ओटी पैकेज सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केके गुप्ता के अनुसार इसके तहत विभिन्न रोगों के उपचार के लिए पैकेज सिस्टम की खुली निविदा की जा रही है।
टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई बीमारियों और ऑपरेशन प्रक्रिया का मूल्य निर्धारित हो जाएगा। इसके भुगतान के बाद मरीज को किसी प्रकार की जांच, दवा या प्रत्यारोपण चिकित्सालय के द्वारा ही उपलब्ध कराई जाएगी। बीएचयू में ओटी पैकेज न होने की वजह से समय-समय पर दवा, ऑपरेशन मूल्य आदि को लेकर समस्याएं सामने आती हैं। इसकी शिकायत भी अधिकारियों से की जाती है। अब अस्पताल प्रशासन ने ओटी पैकेज लागू करने का जो निर्णय लिया है, इससे बहुत हद तक मरीजों को राहत होगी।