डीआरएम कार्यालय के सामने रेलवे कर्मचारियों के कार्यक्रम से यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस से कार्यक्रम का टेंट और कुर्सी हटवाई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ रेल कर्मचारियों और एक टेंट व्यावसाई सहित कुल नौ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कैंट से लहरतारा मंडुआडीह मार्ग पर अचानक जाम की स्थित पैदा हो गई। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या चल रहा है। कोई अपनी गाड़ी वापस लेता हुआ दिखाई दिया तो कोई आक्रोश प्रकट करता लेकिन सवाल ये था कि आखिर जाम लगा कैसे और यातायात पुलिस क्या कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस को सूचना दी गई तो जानकारी मिली कि रेलवे कर्मचारियों का कार्यक्रम चल रहा है जिन्होंने एक ओर की रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर रखा है। सूचना के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम की परमिशन का लेटर मांगा तो नहीं मिला लिहाजा पुलिस ने टेंट और कुर्सी तत्काल प्रभाव से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
पुलिसिया सूत्रों की माने तो इस पूरे कार्यक्रम की आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी और मंच बनाकर टेंट सजाकर कार्यक्रम किया जा रहा था। पुलिस ने जब अनुमति पत्र मांगा तो कार्यक्रम में मौजूद लोग नहीं दिखा पाए जिसके बाद अब इस पूरे मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए नौ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है जिसमें आठ रेल कर्मचारी और एक टेंट व्यावसाई शामिल है। मुकदमा दर्ज हो चुका है और अब अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।