नगर निगम के दस्ते ने हटाया अतिक्रमण।
नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमों ने शुक्रवार को तीन जोन में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दर्जनों अवैध निर्माण ध्वस्त किए। दशाश्वमेध, कोतवाली और भेलूपुर जोन में होई कार्रवाई के दौरान कुछ जगहों पर दस्ते को विरोध का सामना करना पड़ा लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली जोन में दो गुटों के बीच टकराव की नौबत आ गई। दोनों तरफ से जमकर गाली गलौज हुआ। यहां मालवीय मार्केट में पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया। इससे कुछ देर के लिए माहौल गरम हो गया था। इसी तरह भेलूपुर जोन में शिवाला के पास अतिक्रमण हटाने को लेकर दो पक्षों में नोकझोंक हुआ। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी लोगों का विरोध ढीला पड़ गया और कई अवैध कब्जे ध्वस्त कर दिए गए। वहीं, दशाश्वमेध जोन में भी नाले-नालियों नाली अवैध रूप से किए गए कच्चे-पक्के अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
कोतवाली जोन : सुबह 10 बजे मैदागिन चौराहे पर नगर निगम और प्रशासन की टीम के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। यहां पहले से ही लोगों की काफी भीड़ मौजूद हो गई थी। विवाद की आशंका के मद्देनजर पुलिस भी काफी संख्या में बुला ली गई। यह अभियान मैदागिन के मालवीय मार्केट से शुरू होना था पर दूकानदारों को सामान हटाने के लिए कुछ देर की मोहलत दे दी गई। इस बीच बुलानाला की ओर अवैध कब्जे हटाए गए। उधर, मालवीय मार्केट की लगभग हर दुकान पर लोग अपने अवैध निर्माण तोड़ते में जुट गए। जेसीबी के आने से पहले ही ज्यादातर दुकानों की सीमा नाली के पीछे तक सिमट गई। जिनकी दुकानों का हिस्सा आगे था उसे जेसीबी ने तोड़ दिया। हालांकि मार्केट में अतिक्रमण दस्ते को थोड़ा विरोध सहना पड़ा पर पुलिस ने लोगों को खदेड़ दिया। अभियान के बाद बुलानाला से अग्रसेन महिला डिग्री कॉलेज होते हुए कोतवाली तक और मैदागिन चौराहे से कोतवाली तक सड़कें चौड़ी नजर आने लगीं।
भेलूपुर जोन : सुबह 10:30 बजे रेडियो अग्रवाल तिराहे से अभियान शुरू हुआ। जोनल अधिकारी अतुल यादव और सीओ राजेश श्रीवास्तव की अगुवाई में शिवाला तक चले अतिक्रमण अभियान में कई स्थाई और अस्थाई निर्माण ढहाए गए। इस क्षेत्र में ज्यादातर लोगों ने नाली पर कब्जा कर रखा था। दस्ते के पहुंचते ही इलाके में लोगों में हड़कंप मच गया। इसी बीच यहां दो पक्षों में विवाद होने लगा। एक पक्ष नाली पर रखी अपनी गुमटी को बचाने की फिराक में था, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध करते हुए कार्रवाई की मांग उठा दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और सारे अवैध कब्जे ढहा दिए गए। जेसीबी ने कई भट्ठियां, लोहे की ग्रील आदि उखाड़ दी।
दशाश्वमेध जोन : सुबह 10:00 बजे सिगरा चौराहे से अभियान शुरू और इंग्लिशिया लाइन तक कई निर्माण ध्वस्त किए गए। जोनल अधिकारी अरविंद यादव की देखरेख में दस्ते के कार्रवाई शुरू करते ही कब्जा करने वालों में अफरातफरी मच गई। सिगरा से भारत सेवा आश्रम संघ होते हुए साजन तिराहे से दस्ता सीधे इंग्लिशिया लाइन तिराहा पहुंचा। वहां से मलदहिया मार्ग पर भी अतिक्रमण हटाया गया। नालियों पर हुए निर्माण, गुमटियां और चाय की भट्ठियां ध्वस्त की गईं।