जिला अस्पताल में मिली खामियां, सीटी स्कैन के बाहर टपकता मिला पानी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी एस राजलिंगम के सामने व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर बंद था और ग्लूकोमीटर भी नहीं मिला। सीटी स्कैन सेंटर के बाहर पानी भी टपकता मिला। इस पर नाराज जिलाधिकारी ने सीएमएस को इस तरह की खामियों को तुरंत दूर कराने को कहा। साथ ही हर दिन सीएमएस को अस्पताल का निरीक्षण कर डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ से बातचीत करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में शाम करीब पांच बजे जिलाधिकारी इमरजेंसी को देखने के बाद आपरेशन थियेटर, ईसीजी, डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड आदि सुविधाओं को देखने पहुंचे। निरीक्षण के समय आपरेशन थियेटर बंद मिला जिसे डीएम ने अपने सामने खुलवाया। ग्लूकोमीटर न होने की शिकायत पर उसके बारे में भी पूछा। एक सप्ताह में ईसीजी के लिए आए मरीजों का पूरा ब्योरा देने को कहा। ट्रॉमा सेंटर में कोरोना काल से बंद पड़ी ऑपरेशन थियेटर को भी जल्दी ही चालू करने का निर्देश सीएमएस को दिया। इस दौरान सीटी स्कैन के रूम के बाहर पानी टपकता और इमरजेंसी वार्ड में सीलन देख डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उसे ठीक कराने के निर्देश दिए। सीटी स्कैन प्रभारी से पूछने पर उसने हर दिन 70 मरीजों का सीटी स्कैन होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले कई दिनों से अस्पताल में सुविधाओं का सही तरीके से लाभ न मिलने की शिकायत मिल रही थी। अब व्यवस्था में सुधार होगा, जिसका लाभ मरीजों को मिलेगा।