जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होने के बाद दूसरे दिन भी केंद्रों पर नेटवर्किंग की समस्या बनी रही। शुक्रवार को भी केंद्रों की कंट्रोल रूम से निगरानी में परेशानी हुई। इसके पीछे सर्वर के ठीक से नहीं चलने को मुख्य वजह माना गया। हालांकि, ग्रामीण की तुलना में शहरी इलाकों में नेटवर्क थोड़ा बेहतर रहा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 131 केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है। शुक्रवार को अरबी, फारसी, पाली विषय की परीक्षा कराई गई। छात्रों की संख्या बहुत कम रही। परीक्षा केंद्रों पर इंटरनेट नेटवर्किंग के लिए राउटर और सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है, लेकिन खराब नेटवर्क की वजह से ही जिले के साथ ही शासन स्तर से भी जानकारी हासिल करने में असुविधा हो रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार राय ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क सुविधा समस्या बनी है, इसे ठीक कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
दस परीक्षार्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
दूसरे दिन पहली पाली में हाईस्कूल में पाली, अरबी, फारसी में कुल 109 में सभी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि इंटरमीडिएट में संगीत गायन, वादन, नृत्य कला की परीक्षा में 237 में 10 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।