कोरोना संक्रमण के कारण बंद चल रहीं कक्षाएं अब ऑनलाइन संचालित की जाएंगी। 20 मई से विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देश के बाद कुलसचिव ने भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने बताया कि सभी कक्षाएं 20 मई से ऑनलाइन संचालित की जाएंगी। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की उपस्थिति नहीं होगी। डिजिटल लाइब्रेरी में प्रदेश के सर्वोत्तम शिक्षकों द्वारा ई कंटेंट अपलोड किए गए हैं। महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि छात्रों को ई कंटेंट का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करें। परिसर में शिक्षकों की उपस्थिति के बारे में प्रधानाचार्य निर्णय लेंगे।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजबहादुर ने बताया कि ऑनलाइन कक्षाओं के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शासन के निर्देशानुसार कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। परिसर में छात्रों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। विश्वविद्यालय व डिग्री कालेजों में अब 50 प्रतिशत कर्मचारी घर से ही कार्य करेंगे।
डिजिटल लाईब्रेरी होगी मददगार
विश्वविद्यालय व कालेजों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा डिजिटल लाइब्रेरी पर उत्कृष्ट शिक्षकों के लेक्चर ऑनलाइन अपलोड किए गए हैं। छात्र-छात्राएं इसकी मदद से घर बैठे आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे। 44 विश्वविद्यालय व 7104 डिग्री कालेजों के 5036 शिक्षकों की मदद से स्नातक व परास्नातक के 182 विषयों के करीब डेढ़ लाख ई कंटेंट अपलोड किए गए हैं।
संक्रमण होने पर निर्णय लेंगे कुलपति
शिक्षक अथवा छात्र के संक्रमित होने पर ऑनलाइन क्लास का निर्णय कुलपति या प्रधानाचार्य लेंगे। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के समूह ख, ग और घ के कर्मियों को 50 फीसदी उपस्थिति रोस्टर के हिसाब से कराने के निर्देश दिए गए हैं।