Varanasi News: वाराणसी जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 9 से 12 तक के छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी लगेगी। इसका पालन सभी को करना होगा।
वाराणसी जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के साथ ही कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। यह नया नियम शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली में ही होगी, जिसे पहले ही लागू कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी माध्यमिक विद्यालयों को इसका सख्ती से पालन करना होगा।
विज्ञापन
इसके तहत विद्यालयों को एक विशेष पोर्टल पर शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी। पहले केवल शिक्षकों के लिए ही ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य थी। अब छात्रों को भी इस प्रणाली के दायरे में लाने से विद्यालय प्रशासन को उनकी उपस्थिति और अनुपस्थिति का सटीक और त्वरित डेटा मिल सकेगा। इससे उन विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा जो नियमित रूप से कक्षा में अनुपस्थित रहते हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय सहायक सचिव साहेब सिंह यादव ने बताया कि परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर पांच चरणों में उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर से upmsp एप डाउनलोड कर एक के माध्यम से भी उपस्थिति दर्ज कराई जा सकेगी।