काशी हिंदू विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हर साल आवेदकों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में अभ्यर्थियों के बीच दाखिले की कड़ी टक्कर है। बीएचयू में जिस तरह से आवेदन में हर साल बढ़ोतरी हो रही है, उसने अभ्यर्थियों के सामने कड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
स्नातक स्तर के प्रमुख पाठ्यक्रमों में एक-एक सीट पर सौ से अधिक अभ्यर्थियों की दावेदारी ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रवेश परीक्षा को कठिन कर दिया है। ऐसे में अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए कोचिंग का सहारा भी लेना पड़ रहा है।
बीएचयू की प्रवेश परीक्षाएं 30 अप्रैल से शुरू हो रही हैं। इन प्रवेश परीक्षाओं में बीएससी गणित, बीएससी कृषि, बीएससी बायो, बीकॉम, बीएड जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए जबरदस्त मारामारी है। हर साल की तरह इस साल भी बीएससी गणित के लिए आवेदन सर्वाधिक आए हैं।
537 सीटों के लिए 70 हजार से अधिक आवेदन हैं। ऐसे में एक सीट पर करीब 130 अभ्यर्थी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसी तरह बीएससी कृषि में भी इस बार 46 हजार से अधिक आवेदन हैं, जबकि बीएससी कृषि में मुख्य और दक्षिणी परिसर में कुल 163 सीटेें ही हैं।
यही हाल बीएससी बायो और बीकॉम का भी है। बीएचयू की बीकॉम, बीएससी, एलएलबी, बीए एलएलबी, बीएड आदि की तैयारी कराने के लिए अलग से कोचिंग भी शुरू हो गई है।