वाराणसी। जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक विजय कुमार ने सुशासन सप्ताह के पहले दिन सोमवार को पिंडरा ब्लॉक के नेवादा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि लाभार्थी गूगई पत्नी मनोहर के आवास में एक तरफ की दीवर पांच इंच की और बाहरी दीवारें नौ इंच की बनाई जा रही हैं। इस पर उन्होंने सभी आवासों में बाहरी ओर की सभी दीवारों को 9 इंच का बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने योजना के अन्य लाभार्थियों से बातचीत की और सभी को उज्ज्वला योजना, मनरेगा के तहत 90 दिन की मजदूरी, गोल्डेन कार्ड तथा सौभाग्य योजना के तहत जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत नेवादा में ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 39 नए मकानों को स्वीकृति दी। इसके साथ ही शहर भर में सत्यापन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल एक हजार नए आवास स्वीकृत किए। मंगलवार को इन लाभार्थियों को मकान की पहली किस्त और प्रमाणपत्र भेजा जाएगा।