एयरपोर्ट टनल निर्माण के लिए बाबतपुर-जौनपुर मार्ग (एनएच-31) पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। निर्माण के दौरान आवागमन में परेशानी न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आज पुलिस प्रशासन की निगरानी में डायवर्जन का ट्रायल किया जाएगा।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे विस्तारीकरण के लिए निर्माणाधीन टनल का काम जल्द शुरू होने वाला है। इसे देखते हुए बाबतपुर-जौनपुर मार्ग (एनएच-31) पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके तहत भागीरथी पेट्रोल पंप से द विलेज रिजॉर्ट तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में सड़क की पूर्वी लेन को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन एक ही लेन से होगा।
विज्ञापन
एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार के लिए टनल का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य रनवे विस्तार के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना है। निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और सावधानीपूर्वक आवागमन करने की जरूरत होगी।
टनल निर्माण के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आज पुलिस प्रशासन की निगरानी में डायवर्जन का ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल के दौरान यातायात संचालन की व्यवस्था परखी जाएगी, ताकि जरूरत के अनुसार कमियों को दूर किया जा सके।