कछवा रोड। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव में रविवार को शादी समारोह के दौरान घराती और गांव के लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। कछवा रोड निवासी मोदनवाल की पुत्री की शादी रविवार को थी। बारात गोपीगंज से आई थी।
द्वार पूजा के समय किसी बात को लेकर ग्रामीणों से विवाद शुरू हो गया। लड़की पक्ष के अविनाश मोदनवाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए। अविनाश मोदनवाल ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार-पांच की संख्या में ग्रामीणों ने बारात में घुसकर अराजकता फैलाई। बीच-बचाव करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मनबढ़ ग्रामीण असलहा लिए हुए थे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शिकायत दर्ज कर आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संवाद