उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दो बाइक की आपस में भिड़ंत होने से एक अधेड़ की मौत हो गई। जिसमें एक शख्स घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर बाजार में दो बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत में अधेड़ की मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी गंभीर चोट आई है। पीएचसी पर प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हेमापुर निवासी फूलचंद यादव(50) मंगलवार की रात तरहठी बाजार से घर जा रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे सुभाषनगर बाजार के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में फूलचंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार छबीलेपुर निवासी रमेश कुमार पटेल(35) को गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों की मदद से घायल को मुंगराबादशाहपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।