वाराणसी। कारोबार के नाम पर ग्रोसरी कारोबारी से एक करोड़ रुपये धोखे से हड़प लिए गए। पीड़ित ने इस मामले में शंकुलधारा निवासी चार नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ शनिवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सारनाथ के पहड़िया श्रीनगर कॉलोनी निवासी पीड़ित सीताराम चौधरी ने पुलिस को बताया कि ग्रोसरी शॉप से संबंधित सामानों के विक्रेता शंकुलधारा निवासी राजेश अग्रवाल, पत्नी रजनी अग्रवाल, उसके बेटे शाश्वत अग्रवाल और बेटी लाडो ने धोखे से कारोबार के नाम पर पैसे लिए। बाद में असमर्थता जताते हुए और मकान की रजिस्ट्री का हवाला देकर विभिन्न तिथियों में एक करोड़ रुपये बैंक खाते में ले लिए। न तो बकाया लौटाया गया और न ही मकान की रजिस्ट्री की गई। इतनी बड़ी रकम देने के बाद वह आर्थिक रूप से परेशान हो गया।
उसका और उसके बेटे का ग्रोसरी प्रतिष्ठान काशी बाजार भी बंद हो चुका है और बैंकों का लोन भरने में भी अब परेशानियां हो रही हैं। पीड़ित का आरोप है कि कई बार राजेश अग्रवाल, शाश्वत अग्रवाल, रजनी अग्रवाल व लाडो से बकाया रकम मांगी गई, तो आरोपियों की ओर से गाली-गलौज और शूटरों से गोली मरवाने की धमकी दी जा रही है। तीन जनवरी 2026 को पैसे के सिलसिले में आरोपियों के घर पहुंचने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।